13 जून 2009

भारतीयों पर हमले के विरोध में प्रदर्शन

नई दिल्ली, (एसएनबी)। ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हो रहे हमले के विरोध में सोमवार को भाजपा युवा मोर्चा ने रैली निकाली। रैली का नेतृत्व मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित ठक्कर के नेतृत्व में निकाली गई। रैली प्रदेश भाजपा कार्यालय पंडित पंत मार्ग से शुरू होकर चाणक्यपुरी स्थित आस्ट्रेलिया दूतावास तक पहुंची। ऑस्ट्रेलिया दूतावास पंहुचकर अमित ठक्कर व दिल्ली प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष अनुज शर्मा के नेतृत्व युवकों ने जमकर प्रदर्शन किया। बाद में, एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ऑस्ट्रेलिया के राजदूत जान मैक केरथी से मिला। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने केरथी ने कहा कि आस्ट्रेलिया में पढ़़ने वाले करीब 80 हजार भारतीय छात्रों से वहां की सरकार को 4800 करोड़ रूपए का राजस्व प्राप्त होता है, ऐसे में उनके साथ अत्याचार नाइंसाफी है। इस पर केरथी ने छात्रों को सुरक्षा प्रदान करने का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित ठक्कर, दिल्ली प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष अनुज शर्मा,प्रदेश भाजपा महामंत्री आरपी सिंह, प्रदेश मंत्री द्वय सतीश उपाध्याय, आशीष सूद,विजय जौली, श्रीमती रेखा गुप्ता, गजेंदर यादव, वंदना भगत, सुरेश मीना, अरूण शर्मा, योगेश छाबड़ा अजय बंसल सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा नेता उपस्थित थे। उधर, शिवसेना, डीयू छात्र संघ और ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन के बैनर तले छात्रों ने ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किए।

शिवसेना उत्तर भारत के प्रमुख संदीप कुलकर्णी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों के साथ किया जा रहा नस्लभेद निंदनीय है। इसके लिए जितनी दोषी आस्ट्रेलिया सरकार है उतनी ही देश की केंद्र सरकार भी जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि पहले तो भारतीयों के साथ पाकिस्तान जैसे देशों में ही दुर्व्यवहार होता था। अब आस्ट्रेलिया जैसे विकसित कहे जाने वाले देशों में भी भारतीयों के खिलाफ हिंसा भड़क रही है। प्रदर्शनकारियों ने आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री केबिन माइकल रूड का पुतला भी फूंका।
इसके अतिरिक्त दिल्ली विश्वविघालय छात्र संघ (डूसू) और अखिल भारतीय विघार्थी परिषद (एबीवीपी) के तत्वावधान में जंतर-मंतर पर ही भारतीय छात्रों के साथ नस्लभेद हिंसा के विरूद्ध प्रदर्शन किया। डूसू की अध्यक्ष नुपुर शर्मा ने कहा कि भारतीयों को निशाना बनाया जाना चिंता का विषय है। सरकार को इसके खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए और वहां भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
http://www.rashtriyasahara.com/RegionalDetailFrame.aspx?newsid=90214&cityname=Delhi&vcityname=दिल्ली/एनसीआर

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें