13 जून 2009

आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हमले के खिलाफ प्रदर्शन

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता : ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों के साथ हो रहे नस्लीय भेदभाव व जानलेवा हमले के विरोध में दिल्ली विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने सोमवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य और डूसू की अध्यक्षा नुपूर शर्मा ने किया।
उधर ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर नस्लीय भेदभाव और जानलेवा हमलों के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा की युवा शाखा ने सोमवार को ऑस्ट्रेलियन उच्चायुक्त चाणक्यपुरी के बाहर शांतिपूर्वक विरोध मार्च किया। प्रदर्शन गत दिनों ऑस्ट्रेलिया में नस्लीय भेद का शिकार हुए भारतीय छात्र बलविन्दर कुमार, श्रवण कुमार व अन्य के मद्देनजर था। नुपूर शर्मा ने बताया कि भारतीय छात्रों पर जितने भी हमले हुए हैं, इनमें से अधिक पर घात लगाकर रात में हमला किया गया है। बलविन्दर को चाकू से जबकि श्रवण को स्क्रूड्राइवर से गोदा गया है। ये घटनाएं वहां के लोगों की अमानवीयता को दर्शाती हैं। विकास दहिया ने कहा कि भारतीय छात्र ऑस्ट्रेलियन अर्थव्यस्था को अहम योगदान देते हैं। ये हर साल 7500 करोड़ से भी अधिक का योगदान देते हैं। भारतीय छात्र अपने शांत छवि और बेहतर प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में इन पर हमला निदंनीय है। उन्होंने बताया कि इसके लिए हम सभी ऑस्ट्रेलियन हाई कमीशन के साथ भारत सरकार को इस दिशा में जरूरी कदम उठाने के लिए एक ज्ञापन देंगे। छात्र कलपेश ने बताया कि विदेश के अच्छे विश्वविद्यालयों में हम अपने काबिलियत पर दाखिला पाते हैं। इसके बाद हम वहां की पूरी फीस भरते हैं, हमें कोई छात्रवृति नहीं दी जाती। इसके बाद भी हम पर हमला बर्दाश्त के लायक नहीं है। ये घटनाएं वहां के छात्रों की ईष्र्या का परिचायक है। भारत सरकार और ऑस्ट्रेलियन हाई कमीशन को इनके खिलाफ जल्द कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
उधर ऑस्ट्रेलिया उच्चायुक्त चाणक्यपुरी के बाहर शांतिपूर्वक विरोध मार्च किया। प्रदर्शनकारियों की अगुवाई युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित ठक्कर, प्रदेश अध्यक्ष अनुज शर्मा ने किया। इस प्रर्दशन के बाद युवा मोर्चा का एक प्रतिनिधि मंडल भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त जॉन कैरथी से मिलकर करीब घंटे भर की मीटिंग की। जिसमें भारतीय छात्रों पर हो रहे हमले का ज्ञापन देते हुए उनसे मांग की कि इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।
इस मौके पर अनुज ने बताया कि इन हमलों से ऑस्ट्रेलियन अर्थव्यस्था को 4500 करोड़ से अधिक का नुकसान हो सकता है। इस पर उच्चायुक्त कैथरी ने भारतीय छात्रों को सभी आवश्यक सुरक्षा देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा मंत्री सतीश उपाध्याय, निगम पार्षद रेखा गुप्ता समेत 500 से अधिक कार्यकर्ता मौजूद थे।
This news published on Dainik Jagran in 02 June, 2009

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें